जमशेदपुर: 53वें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पदमपुर स्थित विद्युत उत्पादक कंपनी आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) में शुक्रवार को इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” को केंद्र में रखते हुए साइकिल रैली, पौधरोपण अभियान, जागरूकता व्याख्यान तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण एवं अतिथि बड़ी संख्या में शामिल हुए.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एपीएनआरएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है. ऐसे समय में प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करना और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” हमें यह संदेश देती है कि यदि हम प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए आज जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह पाएगा. उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा किसी चमत्कार से नहीं, बल्कि हमारे सामूहिक संकल्प, जागरूकता और निरंतर प्रयासों से ही संभव है.इससे पूर्व विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एमएन सिंह, राजेश कुमार शर्मा और अजय बांगड़े ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के अंतर्गत एपीएनआरएल के पर्यावरण विभाग द्वारा एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया. रैली को सीईओ अरुण मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस रैली में कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रैली के दौरान “स्वस्थ पर्यावरण – सुरक्षित जीवन”, “हरित धरती – सुरक्षित भविष्य” तथा “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया.इसके पश्चात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया. सभी प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने तथा प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी ली. विश्व पर्यावरण दिवस समारोह के अंतर्गत पोस्टर निर्माण, रंग भरो, स्लोगन लेखन एवं कलाचित्र प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत एवं मंच संचालन का दायित्व पर्यावरण विभाग प्रमुख कमलेश कुमार झा ने सफलतापूर्वक निभाया.







