जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 की प्रक्रिया के तहत दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने तथा उनके निष्पादन की कार्रवाई जारी है. मतदाताओं को अपने निर्वाचक विवरण से संबंधित दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराने में सुविधा हो, इसके लिए जिला में विभिन्न निर्धारित स्थलों पर सुनवाई की व्यवस्था की गई है. इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा जमशेदपुर सदर प्रखंड में संचालित दावा-आपत्ति सुनवाई की प्रगति का जायजा लिया गया. मौके पर ईआरओ सह एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित एईआरओ व अन्य उपस्थित रहे. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित ईआरओ, एईआरओ एवं कर्मियों से दावा-आपत्ति से संबंधित प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गोलमुरी क्षेत्र में होम टू रोल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया का भी जायजा लिया. उन्होंने मतदाताओं से संवाद स्थापित कर बताया कि होम टू रोल वेरिफिकेशन के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार व एक ही घर में निवास करने वाले मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों तथा कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित बीएलओ एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन की प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता से संबंधित जानकारी का सही एवं निष्पक्ष सत्यापन हो. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्वाचक सूची में अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरणों की जांच कर लें. किसी प्रकार की त्रुटि अथवा आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थल पर आवेदन प्रस्तुत करें. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 के तहत संचालित दावा-आपत्ति एवं सत्यापन प्रक्रिया के क्रम में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने जमशेदपुर समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर किए जा रहे दस्तावेज सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने एसआइआर-2026 के तहत डीइओ स्तर पर प्राप्त प्रकरणों, संलग्न दस्तावेजों के सत्यापन तथा अब तक की गई कार्रवाई से संबंधित जानकारी आयुक्त को दी. आयुक्त ने सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. आयुक्त ने निर्देश दिया कि एसआइआर-2026 के तहत प्राप्त दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए. सत्यापन के दौरान तथ्यों एवं दस्तावेजों की समुचित जांच के साथ निष्पक्षता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया. उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित मतदाताओं को प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इस अवसर पर ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.




