
जमशेदपुर : जमशेदपुर के नेशनल हाइवे स्थित उमा हॉस्पिटल में मरीजों से अधिक राशि लेने का मामला सही पाया गया है. जांच टीम ने सिविल सर्जन को रिपोर्ट सौंप दी है. अब कार्रवाई का इंतजार है. दरअसल, यहां एक कोरोना मरीज को पांच दिन में 94 हजार 970 रुपए का बिल थमा दिया गया था. मरीज किसी तरह उधारी राशि लेकर बिल चुकता किया और इसकी शिकायत सिविल सर्जन से की थी. इसके बाद सिविल सर्जन ने एक जांच टीम गठित कर रिपोर्ट तलब की थी. जांच टीम ने रिपोर्ट तैयार कर सिविल सर्जन को सौंप दी है, जिसमें आरोप सही पाया गया है. सिविल सर्जन डॉ एके लाल ने कहा कि कोरोना में हर किसी को मदद करने की जरूरत है. मरीजों से अधिक राशि नहीं ली जा सकती. इसके लिए सरकार की तरफ से रेट निर्धारित की गई है. उससे अधिक अगर कोई भी राशि लेता है तो वह गलत है। उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी.












