जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम की उपायुक्त विजया जाधव एवं एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को होली, शब ए बरात एवं चैत्र नवरात्र को लेकर जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में तीनों पर्व-त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विचार-विमर्श किया गया एवं इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिये. इस दौरान सभी शहरी एवं ग्रामीण निकायों के साथ जुस्को के अधिकारी भी मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में मुख्य रूप से होली एवं शब ए बरात के दौरान विधि-व्यवस्था के संधारण पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने बताया कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सामाजिक सौहार्द बनाये रखने के उद्देश्य से सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, संदिग्ध एवं आपराधिक चरित्र वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही संवेदनशील थानों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि पर्व-त्योहारों के मद्देनजर नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त कराने की कवायद भी शुरू कर दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि रंगों का त्योहार होली 8 मार्च को है. इसके साथ ही मुस्लिम समुदाय का महत्वपूर्ण पर्व शब ए बरात भी 7-8 मार्च को ही मनाया जायेगा. इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. जमशेदपुर में होली व शब ए बरात जैसे पर्व वैसे तो शांतिपूर्ण तरीके से ही मनाये जाते हैं, बावजूद इसके जिला प्रशासन कोई कोताही बरतना नहीं चाहता. यही वजह है, कि जिले की उपायुक्त एवं एएसपी ने अपने मातहतों संग बैठक कर तैयारी शुरू कर दी है.












