
जमशेदपुर : देश भर से मजदूरों, छात्रों और मरीजों को वापस भेजने की प्रक्रिया चल रही है. इसके तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन में बुधवार को तेलंगाना के घाटकेसर इलाके से मजदूरों को भेजा जा रहा है. सारे लोग टाटानगर रेलवे स्टेशन पर उतरेंगे. इसको देखते हुए जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला और एसएसपी एम तामिल वाणन पूरे दल बल के साथ स्थिति का जायजा लिया. मजदूरों का मूवमेंट कैसे होगा, कैसे उनको गंतव्य स्थानों पर ले जाया जायेगा और कैसे सभी का टेस्ट होगा, इसको लेकर भी समीक्षा की गयी.
इस दौरान जहां खामियां पायी गयी, वहां की खामियों को दूर करने का आदेश दिया गया. सारे मजदूरों को यहां आने के बाद गंतव्य स्थानों की ओर रवाना किया जायेगा. लेकिन उसके पहले उनका हेल्थ जांच होगी और सबको क्वारंटाइन में रखा जायेगा. इस बीच मजदूरों के आवाजाही को देखते हुए 6 मई की रात 11 बजे से 7 मई की सुबह 10 बजे तक बड़े वाहनों का परिचालन को रोक दिया गया है. डीसी, एसएसपी और ट्राफिक डीएसपी का एक संयुक्त आदेश निर्गत कर दिया गया है ताकि आवाजाही में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो सके. वैसे राज्य सरकार के परिवहन सचिव के रवि कुमार ने यह घोषणा की है कि मजदूरों से किसी तरह का कोई भाड़ा सरकार नहीं लेगी. मुफ्त में सबको उनके गंतव्य स्थानों पर भेजा जायेगा.















