जमशेदपुर : टेल्को थानांतर्गत प्रकाशनगर बुद्ध विहार निवासी प्रभात चौबे ने सरबजीत सिंह उर्फ राजू, उसका भाई प्रीतपाल सिंह उर्फ सोनी एवं उसके चचेरे भाई नवदीप सिंह उर्फ नबी तथा सरबजीत सिंह के सहयोगी बालमुकुंद सिंह पर जबरन घर में तालाबंदी कर देने तथा उसकी महिंद्रा एसयूवी एवं स्कूटी साथ ले जाने का आरोप लगाया है. प्रभात ने इस संबंध में एसएसपी को एक ज्ञापन सौंप कर मामले की जांच कर अपने घर का ताला खोलवाने एवं एसयूवी व स्कूटी वापस दिलाने के साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ समुचित कार्रवाई किये जाने की मांग की है. प्रभात ने उपर्युक्त लोगों पर खुद को जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त को इस संबंध में सौंपे ज्ञापन में प्रभात ने बताया है कि विगत 30 अप्रैल को उक्त चारों लोग उसके घर पहुंचे और सरबजीत सिंह ने घर में ताला जड़ दिया एवं इसके साथ ही पिस्टल दिखाकर उससे एवं उसके पिता से सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए एवं उसकी एसयूवी एवं स्कूटी जबरन लेकर चले गए. यही नहीं, प्रभात के अनुसार उन्होंने खुद को गुरमीत सिंह तोते का आदमी बताते हुए धमकी भी दी कि पैसे नहीं देने पर वे उसे एवं उसके पिता को जान से मरवा देंगे और थाना पुलिस उनका कुछ भी नहीं बिगाड़ सकती. ज्ञापन में प्रभात ने बताया है कि आकाश कुमार सिंह 30 लाख रुपये लेने के बाद भी उन्हें घर नहीं दिया. प्रभात ने बताया है कि वह पहले सरबजीत सिंह के यहां ही सुपरवाइजर का काम करता था. इसी वजह से सरबजीत उस पर आकाश से पैसे दिलाने के लिए दबाव बना रहा है. उसने बताया कि उसने भी आकाश को खोजने की काफी कोशिश की, किन्तु उसका कहीं अता-पता नहीं चल रहा है कि वह कहां है. (नीचे भी पढ़ें)
उसने बताया कि घर में ताला लगा होने के कारण उसे अपने पिता के साथ दूसरे के घर में रहना पड़ रहा है, जबकि उन लोगों का सारा सामान बंद घर में ही पड़ा हुआ है. उसने बताया कि पैसे के लेन-देन से उसका बस इतना संबंध है कि उसके सामने ही आकाश को पैसे दिये गए थे. उसने सरबजीत एवं उसके भाइयों पर दबंगई का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ साठगांठ है और वे पैसों के बल पर कुछ भी करा सकते हैं. उसने बताया कि उसके पिता और वह दोनों उनके आतंक से काफी डरे हुए हैं और उसके पिता के साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है. इसके मद्देनजर उसने एसएसपी से मामले की अपने स्तर से जांच कराकर घर का ताला खोलवाने के साथ ही एसयूवी एवं स्कूटी भी वापस दिलाने की गुहार लगाई है.


















