जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित परमाणु खनिज अन्वेषण एवं अनुसंधान निदेशालय (पखनि) के पूर्व क्षेत्रीय परिसर में 26 से 30 अक्टूबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन किया गया. इस वर्ष कार्यक्रम का केंद्रीय विषय “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (प्रॉबिटी फॉर प्रॉस्पेरिटी) रखा गया था. सप्ताह भर चले इस आयोजन के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने और ईमानदारी एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम की शुरुआत 26 अक्टूबर को क्षेत्रीय निदेशक एचएस राजारामन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाये जाने के साथ हुई. इसके बाद उनके नेतृत्व में वॉकथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

सप्ताह के दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अधिकारी एमके बिरुआ, एनआर एक्का, एम वेंकेटेश्वरलु और नफीस अहमद के मार्गदर्शन में किताडीह ग्राम पंचायत में जन जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों और इसके सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया. 30 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीआरपीएफ जमशेदपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ जयदेव केशरी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं में पुरस्काक वितरित किये. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता और सत्यनिष्ठा अपनाना समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने देश निर्माण और सामाजिक उत्थान में पखनि एवं सीआरपीएफ की भूमिका की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर उप क्षेत्रीय निदेशक मनोज कुमार बिरुआ ने कहा कि शासन-प्रशासन में निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुशासन की आधारशिला हैं. अंत में वरिष्ठ वैज्ञानिक राकेश कुमार फोगाट ने धन्यवाद ज्ञापन किया.












