
जमशेदपुर : हिंदू राष्ट्रीय सेना के जिलाध्यक्ष समीर राज के कदमा शास्त्रीनगर रोड नंबर-4 स्थित आवास पर बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किया गया. घटना के वक्त समीर शहर से बाहर हैं. उनके घर पर उनकी मां औऱ बेटा मौजूद थे. समीर के भाई बिट्टू ने इसकी सूचना कदमा थाना को दी. वहीं गुरुवार की दोपहर हिंदू राष्ट्रीय सेना के अध्यक्ष अक्षय कोड़ा अपने कार्यकर्ताओं के साथ कदमा थाना पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की. इस मामले में कदमा थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
इस संबंध में अक्षय ने बताया कि समीर राज के घर बीती रात पथराव किया गया. चूंकि समीर के भाई बिट्टू से स्थानीय युवकों का झगड़ा हुआ था. संभवत इसी बात को लेकर उन्होंने समीर के घर पर पथराव किया है. पथराव करने में चार पांच युवक शामिल थे. सभी की उम्र 22 साल से ज्यादा नहीं होगी औऱ सभी नशे में थे. उन्होने कहा कि इस तरह इलाके में इतनी कम उम्र के बच्चों द्वारा नशा कर घटना को अंजाम देना काफी दु:खद है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.







