जमशेदपुर : परसुडीह पुलिस ने थाना क्षेत्र के प्रमोदनगर स्थित अवकाश प्राप्त शिक्षिका मैत्री चौधरी के बंद घर में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन करते हुए इसके छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें चोरी के जेवरात खरीदनेवाले दुकानदार भी शामिल है. पुलिस ने उनके पास से चोरी के आभूषण भी बरामद किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि परसुडीह प्रमोदनगर निवासी मैत्री चौधरी के घर में विगत 26 दिसंबर की रात लाखों रुपये के गहने, नगद एवं अन्य सामानों की चोरी हो गयी थी. मैत्री चौधरी चोरी की घटना के समय घर में नहीं थीं, एवं इस संबंध में उनके भाई ने परसुडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात की चोरी की शिकायत की थी. परसुडीह पुलिस ने इस मामले का उद्भेदन करते हुए तीन नाबालिग बच्चों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. बाद में उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के गहने खरीदनेवाले राहरगोड़ा के एक जेवर दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य नाबालिग आरोपी की गिरफ्तारी के अभी प्रयास जारी हैं.











