जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के न्यू कपाली बस्ती में शुक्रवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीय युवक कृष्णा नायक पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. हमले में युवक के सिर, कान और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. घायल युवक के भाई युवराज नायक ने बताया कि कृष्णा घर के पास ही बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था. इसी दौरान पीछे से बस्ती का ही रहने वाला बाबी चापड़ लेकर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगा. अचानक हुए हमले से युवक संभल भी नहीं पाया. शोरगुल सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो हमलावर बाबी मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार, हमले का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है. हालांकि आशंका जताई जा रही है कि यह मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है. घायल युवक का भाई रंग-रोहन (पेंटिंग/सजावट) का काम करता है और परिवार सामान्य मजदूरी पर निर्भर है. घटना के बाद पुलिस ने हमलावर बाबी को हिरासत में लिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे छोड़ दिया गया. इस कार्रवाई को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. जब पुलिसकर्मी उमेश सिंह से आरोपी को छोड़े जाने का कारण पूछा गया, तो उन्होंने इस संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इधर, घटना के बाद से घायल युवक के स्वजन दहशत के माहौल में जी रहे हैं. उनका कहना है कि आरोपी के खुलेआम घूमने से उन्हें जान का खतरा महसूस हो रहा है. गौरतलब है कि हाल के दिनों में जमशेदपुर शहर में चायनीज चापड़ जैसे घातक हथियारों से जानलेवा हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इसके बावजूद ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई न होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.





