जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत पूर्वी घाघाडीह पंचायत निवासी गुलाम सरदार की पुश्तैनी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा लगातार अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित के अनुसार उनकी भूमि प्लॉट संख्या 14, खाता संख्या 3718/3721 पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर धारा 164 लागू किए जाने की प्रक्रिया में है. धारा 164 के तहत कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक शांति भंग होने से रोकने के लिए मजिस्ट्रेट द्वारा आपातकालीन आदेश जारी किया गया है. जिसमें पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र, हथियार रखने एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध है. (नीचे भी पढ़े)

इसके बावजूद भू-माफिया ओं द्वारा नियम-कानून की खुलेआम अवहेलना करते हुए जबरन कब्जे का प्रयास किया जा रहा है. पीड़ित ने आरोप लगाया कि बीते सोमवार को बबलू गोडसे, मनीष, पाकुड़ और बनारस दास से जुड़े युवकों ने उनकी जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास किया. इस दौरान राज और तुषार नशे की हालत में करीब 30 से 40 हथियारबंद युवक मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन से खुदाई शुरू कर दी. घटना की सूचना मिलते ही गुलाम सरदार ने 100 डायल पर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काम को रुकवा दिया. पीड़ित ने बताया कि इस मामले को लेकर वे पहले ही उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दे चुके हैं. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. (नीचे भी पढ़े)
गुलाम सरदार ने यह भी आरोप लगाया कि भूमि पर धारा 164 लागू होने के बावजूद अंचल अधिकारी द्वारा अब तक दखल-देहानी की कार्रवाई नहीं की गई. पर्व-त्योहार के कारण 12 से 15 तारीख तक अंचल कार्यालय बंद रहने का फायदा उठाकर भू- माफियाओं ने बड़ी संख्या में युवकों को इकट्ठा कर जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की. पीड़ित की पत्नी ने बताया कि उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. लेकिन भू-माफिया सरकारी छुट्टियों का फायदा उठा रहे हैं. गुलाम सरदार ने यह भी बताया कि पूर्व में विरोध करने पर उनके और उनके परिवार के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई थी. उन्होंने जिला प्रशासन पर भू-माफिया ओं से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए.कहा कि उनकी जमीन पर लगातार जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है.न्याय की उम्मीद में उन्होंने मंत्री और विधायक से भी हस्तक्षेप की मांग की है.















