
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत रोड नंबर- 6 स्थित राजेंद्र विद्यालय के पास कचड़े के ढेर में अचानक आग लग गई. आग धीरे- धीरे फैलते हुए पास ही रखे बिजली के तार में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक की पाइप में आग लग गई. देखते- देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इधर स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी. सूचना पाकर झारखंड अग्निशमन विभाग की एक दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगी. लगभग आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार भीषण गर्मी के कारण कचड़े के ढेर में आग लगी है. आग विकराल रूप धारण नहीं करती अगर वहां प्लास्टिक का पाइप नही होता. फिलहाल आग से हुए नुकसान का आंकलन लगाया जा रहा है.



