जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के पाईप लाईन में समस्या के कारण कुछ घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है. जानकारी मिलने के बाद जिला पार्षद डॉ कविता परमार ने कार्यपालक अभियंता जेसन होरो से बात कर समस्या से अवगत कराया. उन्होंने कार्यवाही करते हुए कार्यपालक अभियंता ने कनीय अभियंता सत्य प्रकाश पांडे को संबंधित समस्या के समाधान के लिए निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

पार्षद डॉ परमार, मुखिया राजकुमार गौड़ ने कनीय अभियंता के साथ बागबेड़ा कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों रोड नंबर 5, 4, 1 तथा कुंवर सिंह मैदान में जाकर समस्याओं से विभाग को अवगत कराया. विभाग के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए रविवार से काम लगाने को आश्वस्त किया गया. पानी की समस्या को देखते हुए शनिवार से बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में भी टैंकर से पानी की आपूर्ति शुरू की गयी.
विदित हो कि बागबेड़ा जिला परिषद के 8 पंचायतों के अलावा घाघीडीह के दोनों पंचायत, पश्चिम कीताडीह पंचायत में तारापुर के टैंकर द्वारा पानी की आपूर्ति की जाती है.











