जमशेदपुर : भारतवर्ष में महापुरुषों या देश के अमर शहीदों के प्रति लोगों का प्यार और सम्मान सर्वविदित है. लोग शहीदों एवं महापुरुषों के नाम पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने से लेकर और क्या-क्या नहीं करते. पूरे देश में महापुरुषों के नाम पर स्थापित संस्थाएं, मेमोरियल, मार्ग और न जाने क्या-क्या, उनके प्रति लोगों के सम्मान एवं प्रेम के ही प्रतीक हैं. लेकिन अनेक स्थानों पर लोग जोश-जोश में किसी महापुरुष या शहीद की प्रतिमा तो लगा देते हैं, किन्तु धीरे-धीरे उनका जोश ठंडा पड़ने लगता है और उनके द्वारा स्थापित प्रतिमा भी दुरवस्था का शिकार हो जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में स्थापित अमर सेनानी सिद्धू-कान्हू एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाएं भी इसी तरह लोगों का जोश ठंडा पड़ने के कारण कुव्यवस्था एवं दुरवस्था का शिकार हो रही हैं. बागबेड़ा डीबी रोड को स्टेशन रोड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क एवं बागबेड़ा सिद्धू कान्हू मैदान में लगी सुभाष चन्द्र बोस व सिद्धू कान्हू की प्रतिमाओं पर महीनों से धूल जम रही है. प्रतिमा स्थल के आसपास भी गंदगी का साम्राज्य है. आवारा पशुओं का जमावड़ा भी प्रतिमाओं के आस-पास ही लगता है. इन प्रतिमाओं को जिस जोश ओ खरोश के साथ स्थापित कराया गया था, वह अब अतीत बन गया है. आज उन प्रतिमाओं एवं उनके आसपास के स्थल को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेवारी उठानेवाला भी कोई नहीं है, जिसका नतीजा भी सबके सामने है. (नीचे भी पढ़ें)

मूर्तियों की देखरेख तो सही तरीके से नहीं ही हो रही है, मूर्तियों के ऊपर कोई शेड भी नहीं है, जिसके कारण धूप हो या बरसात, सालों भर प्रतिमाएं प्रकृति की मार झेलती रहती हैं. आम लोगों की बात जाने भी दें तो स्थानीय प्रशासन व राजनेताओं का ध्यान भी इस ओर नहीं जाता है. विदित हो कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तत्कालीन रेल कर्मी बसंत चौधरी के प्रयासों से लगी थी. प्रतिमा के निर्माण में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. उनके देहांत के बाद वर्ष 2004 में मूर्ति खंडित हो गयी, जिसका स्थानीय निवासी पारसनाथ मिश्रा एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से जीर्णोद्धार कराया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सिद्धू कान्हू की प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने 2008 में किया था. लेकिन आज ये तीनों प्रतिमाएं एक तरह से लावारिस हाल में पड़ी हुई हैं, जिनके आसपास गंदकी जमा हो रही है. इन महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं का यह हाल देख कर लगता है कि आज उनकी देखरेख से किसी को कुछ लेनादेना नहीं है. कोई भी रैली हो या राजनीतिक आयोजन हमारे नेता और तथाकथित समाजसेवी इसकी शुरुआत या अंत ऐसी ही किसी मूर्ति को माला पहना कर करते हैं. लेकिन विडंबना ही है कि इन मूर्तियों की देखभाल या उनका उचित संरक्षण की ओर कोई ध्यान नहीं देता.












