जमशेदपुर : जुगसलाई महतोपाड़ा रोड स्थित श्री बैकुंठ धाम (सात मंदिर) में आगामी 22 अगस्त से दो दिवसीय श्री राणी सती दादी का भाद्रपद महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जो अगले दिन, 23 अगस्त को संपन्न होगा. भाद्रपद कृष्ण अमावस्या के अवसर पर आयोजित हो रहे उक्त महोत्सव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दादी जी का अलौकिक शृंगार, मंगल पाठ, छप्पन भोग आदि अनुष्ठान संपन्न होंगे, साथ ही इस अवसर पर भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

बैकुंठ धाम मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार शुक्रवार, 22 अगस्त को संध्या 4 बजे से श्री राणी सती दादी जी का सामूहिक मंगल पाठ आरंभ होगा, जिसके पश्चात रात्रि 8 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा. अगले दिन, शनिवार, 23 अगस्त को सुबह 6 बजे से जात एवं धोक पूजा आरंभ होगी, जबकि सुबह 8 बजे दादी जी की प्रातः आरती होगी. इसके पश्चात शाम 5 बजे संध्या आरती के साथ दादी जी का अलौकिक शृंगार एवं मेले का आयोजन आरंभ होगा, जो रात्रि 10 बजे तक चलेगा.











