जमशेदपुर : जुगसलाई एमईस्कूल रोड़ स्थित राजस्थान शिव मंदिर में मंगलवार, 18 जुलाई को सप्ताह व्यापी श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा. मंगलवार सुबह 08:30 बजे कलश यात्रा के साथ भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की शुरुआत होगी. सोमवार देर शाम कथावाचक, पूज्य गौभक्त डॉ संजीव कृष्ण ठाकुर शहर पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया. कलश यात्रा मंगलवार सुबह रामटेकरी रोड स्थित गढ़वाल निवास से आरंभ होगी, जो कथा स्थल, राजस्थान शिव मंदिर पहुंच कर संपन्न होगी. इससे पूर्व रास्ते में कई स्थानों पर कलश यात्रा का स्वागत होगा.
सावन माह के पावन अवसर पर जुगसलाई के गढ़वाल परिवार की ओर से इसका आयोजन किया जा रहा है. इस संबंध में आयोजक राजेश गढ़़वाल एवं सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना ने बताया कि वृन्दावन से पधारे कथावाचक डॉ संजीव कृष्ण ठाकुर के साथ 21 सदस्यों की टीम आयी है, जो भागवत कथा प्रसंग के अनुसार सुंदर झांकियां भी प्रस्तुत करेगी. महाराज ब्यासपीठ से रोजाना दोपहर 03 बजे से शाम 07 बजे तक भागवत कथा पर प्रवचन करेंगें. वृन्दावन से हवाई मार्ग से रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर गौभक्त डॉ संजीव कृष्ण ठाकुर का सत्यनारायण अग्रवाल, महेश गढ़वाल, बासु गढ़वाल, गणेश अग्रवाल, सोनू आदि ने स्वागत किया.



