जमशेदपुर: जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में 13 मई से 15 मई तक चलने वाले तीन दिवसीय समर कैंप गुरुवार (15 मई 2025) को समापन हो गया. आज भी बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ सभी गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और उसका भरपूर आनंद उठाया. हमेशा की तरह आज भी कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए गायत्री मंत्र से हुई. उसके बाद जहां एक ओर छोटे बच्चों ने पुट द बॉल इन द बॉक्स, अरेंज द कप इन लाइन, कलेक्ट द कप विथ बैलून, बैलेंस द बैलून जैसे खेलों के माध्यम से अपने धैर्य, रणनीति और सहयोग की भावना का परिचय दिया तो वहीं दूसरी ओर बड़े बच्चों ने कैरक्टर्स डे के माध्यम से अपने पसंदीदा पात्रों का अभिनय कर उन्हें जीवंत किया. जिससे उनकी प्रस्तुति कलात्मकता और अभिनय क्षमता निखर कर सामने आई. इसमें कक्षा 10 के जिशू राज सोरेन को मिस्टर कैरेक्टर और मिस कैरेक्टर का खिताब कक्षा 7वीं की पल्वी कुमारी को मिला. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया नृत्य और संगीत रहा, जिसने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया. अंत में सभी विजयी प्रतिभागियों को इस विद्यालय की प्रधानाचार्या निभा सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया. पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और मन में गर्व की भावना ने यह सिद्ध कर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ आनंद और अनुभव भी उनके जीवन का अभिन्न अंग है. इस प्रकार यह पूरा कार्यक्रम गोविंदपुर ब्रांच की प्रधानाचार्या निभा सिंह के अभिभाषण के साथ उत्साह और हर्ष भरे माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.



