जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत खरकई ब्रिज के पास बीती रात तीन बजे के करीब हुई एक सड़क दुर्घटना में होटल शेर ए पंजाब के मैनेजर, फुलवारीशरीफ निवासी अंकित कुमार एवं केयर टेकर, गम्हरिया के सातबहिनी निवासी सिया भारद्वाज की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों गोल चक्कर के समीप अचेत अवस्था में गिरे पाये गए. इनमें से मैनेजर मृत पाया गया था, जबकि केयरटेकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया है. आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी डिवाइडर से टकरा जाने के कारण दोनों की मौत हुई होगी. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी दुर्घटना में नीमडीह के आदरडीह निवासी 16 वर्षीय किशोर मनीष कुमार की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह स्किट कर गिर जाने से जख्मी हो गया था, जिसके इलाज के लिए उसे टीएमएच लाया गया था. वहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. जबकि तीसरी घटना मानगो के उलीडीह की बतायी जा रही है. जहां सिगरेट पीने के दौरान झुलसे विकास सिंह नामक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था.





