
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित जुबली पार्क गेट के पास रैश ड्राइविंग कर रहे एक बाइक सवार ने दूसरे बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक दूर जा गिरी. इस घटना में बाइक चालक शंकोसाई रोड नंबर पांच निवासी शहनवाज आलम घायल हो गया. इधर दूसरे बाइक पर सवार तीनों चालक मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से शहनवाज को इलाज के लिए ऑटो में बैठाकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. शहनवाज के साथ बैठे युवक ने बताया कि वे लोग फ्रिज मकैनिक है. बिष्टुपुर की ओर से घर जा रहे थे. सामने से एक केटीएम बाइक पर सवार तीन युवक काफी तेजी से बाइक को लहराते हुए आ रहे थे. उन्होंने सामने से टक्कर मार दी. इधर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और बाइक को जब्त कर थाने ले गई.












