
जमशेदपुर : भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे निर्मम हमले और हिंसक घटनाओं पर सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) जमशेदपुर महानगर ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. बुधवार को भाजमो जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में भारत के प्रधानमंत्री को प्रेषित ज्ञापन जिला उपायुक्त को सौंपकर जल्द से जल्द हस्तक्षेप करने और हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि बांग्लादेश में विगत दुर्गोत्सव के दौरान भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है और वहां के कट्टरपंथियों द्वारा लगातार अल्पसंख्यक बिरादरी के हिंदू समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और उनके घर, मंदिरों में तोड़फोड़, आगजनी सहीत अन्य हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. इस दंगे में सैकड़ों हिंदुओं को चोट पहुंची है और कई लोगों की जान चली गई. वहां की स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि हिंदू समुदाय के लोग अपने जीवन की सुरक्षा के लिए घर द्वार छोड़कर दूसरे अन्यत्र स्थान पर पलायन को मजबूर है. ज्ञातव्य है कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से फैली अफवाह के कारण बांग्लादेश में कट्टरपंथियों ने कई जगहों पर दुर्गा पूजा पंडालों में तोड़फोड़ की थी. कई मूर्तियों को तोड़ा गया और पथराव हुआ. अल्पसंख्यक हिंदुओं को चोटें भी आई हैं. इसके बाद देश के कई जिलों में हालात तनावपूर्ण हैं. दंगे भड़कने से कई लोगों के मारे जाने की भी खबर हैं. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को इस गंभीर आपातकालीन परिस्थिति में बिना विलम्ब किए बांग्लादेश सरकार और भारतीय उच्चायोग बांग्लादेश से वहां के हिंदू समुदाय के लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक वार्ता करनी चाहिए और सख्त कदम उठाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए. भाजमो नेताओं ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस पहल करें और हिंदुओं की अस्मिता और प्राणों की कट्टरपंथियों के हाथों बली चढने से रोकें. इस दौरान मुख्य रूप से भाजमो जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नु, मनोज सिंह उज्जैन, मंत्री राजेश कुमार झा, विकास गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि ( व्यवसायी मामलों) व महानगर प्रवक्ता आकाश शाह, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष जोगिंदर सिंह जोगी, पेयजल सह प्रभारी शंकर कर्मकार, अल्पसंख्यक भाषाई प्रकोष्ठ जिला अध्य्क्ष भागवत मुखर्जी, साकची (पश्चिम) मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, बारीडीह मंडल महामंत्री मार्टिन लैजरस सहित अन्य उपस्थित थे.






