जमशेदपुर : जमशेदपुर के भाजपा नेता विकास सिंह ने मंत्री बन्ना गुप्ता के वायरल वीडियो के लेकर जमशेदपुर के एसएसपी ऑफिस में की गयी शिकायत के बाद एक बार फिर हमला को तेज कर दिया है. कांग्रेस नेता सह मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रतिनिघि आफताब अहमद सिद्दीकी द्वारा शिकायत करने के मामले में विकास सिंह ने पलटवार किया है. उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि आफताब अहमद सिद्दीकी कपड़े कम पार्टियां ज्यादा बदलते हैं, इसलिए उनका हर बात दूध भात की तरह रहता है. नगर निगम चुनाव में मेयर का उम्मीदवार मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी सुधा गुप्ता को बनाने के बाद मेयर बनने के ख्याली पुलाव के साथ-साथ मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने वाले आफताब अहमद सिद्दीकी ने वीडियो जारी कर मंत्री बन्ना गुप्ता के बारे में अनाप-शनाप बयान दे दिया था. मंत्री बना गुप्ता को उनका बयान नागवार लगने पर मंत्री ने पावर का दुरुपयोग करते हुए दस वर्ष पूर्व हुए मुकदमे में आफताब अहमद सिद्दीकी और उनके बड़े भाई को गिरफ्तार करने का आदेश मानगो थाना प्रभारी को दिया था. मंत्री को खुश करने के चक्कर में मानगो थाना प्रभारी ने दोनों भाइयों को घसीटते हुए हवालात में बंद कर दिया था. इसके साथ ही मंत्री ने अफताब अहमद सिद्दीकी के रोजी रोजगार में भी डाका डालते हुए उनके नए मकान को ढहवा दिया था. लगभग चार महीना जेल में चक्की पीसने के बाद जेल जाने के पूर्व वीडियो जारी कर अपने आपको बकरी का बच्चा नहीं समझने वाले आफताब अहमद सिद्दीकी जेल से आते ही बकरी का बच्चा बन गए. दौड़ते दौड़ते स्वास्थ्य मंत्री के पास गए और उनके चरणों में साष्टांग होकर माफीनामा मांगा. लेकिन मंत्री से उन्होंने जिस प्यार और पैरवी की उम्मीद रखी थी वह पूरी नहीं हो पा रही है. उन्होंने अन्य पार्टियों के पास भी इस बीच में दरवाजा खटखटाया, लेकिन अन्य पार्टियों के लोगों ने कहा कि आप कपड़े कम और पार्टियां ज्यादा बदलते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

आज आपके ऊपर खर्च कर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. आपको दल में शामिल कराया जाएगा, लेकिन महीने दो महीने में आप दल छोड़कर चले जाइएगा इसलिए आपको सदस्य नहीं बनाया जाएगा. सभी पार्टी के दरवाजे बंद रहने के कारण मंत्री का करीबी बनने के लिए आफताब अहमद सिद्दीकी ने विकास सिंह शिकायत एसएसपी से करने गए हैं. भाजपा नेता विकास सिंह ने जमशेदपुर एसएसपी से निवेदन किया है कि आफताब अहमद सिद्दीकी की राजनीतिक मजबूरी देखकर दया आ रही है इसलिए उनको (विकास सिंह को) कुछ दिन के लिए जेल भेज दिया जाए, जिससे आफताब अहमद सिद्दीकी स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी बन पाएं. विकास सिंह ने कहा कि वीडियो वायरल के लगभग चार महीने हो गए हैं. अभी तक सरकार का कोई प्रतिनिधि या जिला प्रशासन का कोई उच्च पदाधिकारी प्रेस वार्ता कर यह नहीं कर पाया कि बना हुआ वीडियो गलत है, जिस दिन जिला प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी कह देगा की वीडियो फेक है उसी दिन मैं खुद चौक चौराहे में आम लोगों से माफी मांग लूंगा. लेकिन स्क्रीन रिकॉर्डिंग का वीडियो फेक और एडिट किया ही नहीं जा सकता. यह कोई भी विशेषज्ञ बता सकता है. विकास सिंह ने कहा कि जल्द सारे चौक चौराहे में बड़ी-बड़ी एलसीडी टीवी लगाकर मंत्री के काले कारनामे को आम लोगों के बीच दिखलाने और दर्शाने का कार्य किया जाएगा.











