
जमशेदपुर: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कोरोना माहामारी से अपने माता-पिता या अभिभावक खोने से अनाथ हुए बच्चों की मदद के लिए अतिशीघ्र बाल सेवा योजना प्रदान करने की मांग मुख्यमंत्री से की है. उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है,जिसमें कहा है कि केंद्र सरकार के अलावा उत्तर प्रदेश (यूपी) एवं मध्यप्रदेश(एमपी) की राज्य सरकारों ने अनाथ बच्चों की मदद के लिए कई तरह की सेवा योजनाओं की घोषणा की है. इसी तरह झारखंड सरकार भी अनाथ बच्चों के संरक्षण, भरण-पोषण, शिक्षा, चिकित्सा की व्यवस्था आदि के लिए बाल सेवा योजना के तहत प्रतिमाह एकमुश्त सहयोग राशि प्रदान करने की व्यवस्था करे. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारा राज्य झारखंड एक अति पिछड़ा राज्य है, यहां के लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर है. झारखंड के अनाथ बच्चे भी पीएम केयर फॉर चिल्ड्रेन योजना से लाभान्वित होंगे. इस कठिन परिस्थिति में हमारा भी कर्तव्य है कि हम अपने राज्य के अनाथ हुए नौनिहालों की देखभाल एवं उनके भविष्य के लिए सार्थक कदम उठायें और अनाथ बच्चों को मासिक वित्तीय सहयोग दे, निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए मदद करें और पैर पर खड़ा होने तक सरकारी मदद के लिए कारगर योजना तैयार कर उस पर पहल करें. उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि झारखंड सरकार अनाथ हुए बच्चों के हित में बाल सेवा योजना की शुरूआत करे ताकि इनका लालन-पालन से लेकर शिक्षा आदि का प्रबंध हो सके. राज्य सरकार इन बच्चों को वयस्क होने तक प्रतिमाह एक मुश्त राशि अनाथ बच्चे के संरक्षक को प्रदान करे. 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे जिनका कोई संरक्षक नहीं है, उनके आवास की व्यवस्था की जाए और उसका खर्च राज्य सरकार वहन करे.





