
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथ मंदिर के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े अपनी दो बच्ची के साथ घर में घुसकर चोरी करती एक महिला रंगे हाथ पकड़ाई. जिसे स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं गृहस्वामी के बयान पर सरायकेला पुलिस ने महिला प्रभा मोदी के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है. वहीं सरायकेला थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को पूर्वाह्न साढ़े दस बजे के लगभग एक महिला प्रभा मोदी दस वर्षीय एक बच्ची के साथ गोद में एक बच्ची लेकर जगन्नथ मंदिर के पास मेन गेट की कुंडी खोलकर सुमित महापात्र के घर के अंदर प्रवेश किया. जहां घर के सभी सदस्य ग्राउंड फ्लोर में थे. महिला सीढ़ी से चढ़कर पहले तल स्थित एक कमरे के अंदर गई. उसने कमरे के अंदर टेबिल पर रखे एक बैग को लिया और उसमें रखे सोने की बाली एवं पायल की जोड़ी को अपने बैग में रखा और सुमित महापात्र के बैग को लेकर नीचे उतरी और बाहर जाने लगी. इस बीच सुमित महापात्र की नजर महिला पर पड़ी और उसने महिला को घर के लोगों के साथ पकड़ लिया. तलाशी लने पर महिला के थैले से सुमित के पत्नी की कान की बाली और पायल मिला. वहीं महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया. जहां पुलिस ने सुमित महापात्र के बयान पर महिला के विरुद्ध चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार को उसे जेल भेजा जाएगा. महिला खरसावां प्रखंड के आमदा की रहने वाली बतायी जा रही है.













