जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं झाड़ग्राम लोकसभा के प्रभारी रहे डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी का जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया. बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी और इस ऐतिहासिक विजय में उनकी अहम भूमिका के लिए शुभकामनाएं दी. विदित हो कि झाड़ग्राम जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ विजय हासिल कर कमल खिलाया. इसके साथ ही, पश्चिम मेदिनीपुर की दो विधानसभा सीटों तथा पुरुलिया की एक विधानसभा सीट पर भी भाजपा ने जीत दर्ज कर झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र की सातों विधानसभा सीटों पर पहली बार ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है.(नीचे भी पढ़े)
भाजपा नेतृत्व ने इस लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी को सौंपी थी. जहां भाजपा ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए सभी सातों सीटों पर विजय पताका फहराई. इस अवसर पर डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति तथा भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को दिया. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह विजय बंगाल की अस्मिता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सुरक्षित भविष्य की जीत है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भय, तुष्टिकरण और राजनीतिक हिंसा की राजनीति को नकारते हुए विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में अपना जनादेश दिया. डॉ. गोस्वामी ने कहा कि झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र की सातों सीटों पर भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन की मजबूत नींव का परिणाम है. उन्होंने इस जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया. इस दौरान जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय, जिला मंत्री तन्मय झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी को बधाई दी और उनके नेतृत्व की सराहना की.







