
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर अब भजापा की युवा इकाई यानी भाजयुमो ने मोर्चा संभाला है. मंगलवार को भाजयुमो कदमा सोनारी मंडल के कार्यकर्ताओं ने थानों के सेनेटाइजेशन अभियान की शुरुआत करते हुए पूरे शहर के थानों को सेनेटाइज कराने का ऐलान किया है. मंगलवार को इनके द्वारा कदमा और सोनारी थाने को सेनेटाइज कराया गया. वैसे इससे पूर्व इनके द्वारा धार्मिक स्थलों को सेनेटाइज कराया था. अब थानों को सेनेटाइजेशन करने का बीड़ा इन्होंने उठाया है. इस संबंध में भाजयुमो नेताओं ने बताया, कि वैश्विक महामारी के बीच विधि- व्यवस्था को नियंत्रित करने में पुलिस कर्मियों का सुरक्षित होना जरूरी है. थाना सुरक्षित रहेगा तो पुलिस के पदाधिकारी और जवान भी सुरक्षित रहेंगे. इससे विधि- व्यवस्था नियंत्रित रहेगी. उन्होंने शहर के सभी थानों को सैनिटाइज करने की बात कही.











