जमशेदपुर: साकची स्थित शीतला मंदिर के पास मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली महिला की पहचान हो गई है. मृतका की पहचान आदित्यपुर निवासी 58 वर्षीय चंदा देवी के रूप में हुई है. उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है. बुधवार को एमजीएम अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद पार्थिव शरीर को परिजन आदित्यपुर ले गए.मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को चंदा देवी शीतला मंदिर के सामने एक दुकान के पास आकर बैठ गई थीं. कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह नीचे गिर पड़ीं. इसके बाद उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया था. (नीचे भी पढ़े)
. परिजनों के अनुसार, चंदा देवी की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी. मंगलवार सुबह पूजा-पाठ करने के बाद वह करीब नौ बजे घर से निकली थीं. बताया जा रहा है कि वह साकची स्थित अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकली थीं, जहां उनकी बेटी की शादी हुई है. आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में भटक जाने के कारण वह सही जगह नहीं पहुंच सकीं और शीतला मंदिर के पास एक दुकान के सामने बैठ गईं. इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई.महिला की मौत की खबर मीडिया में प्रसारित होने के बाद उनके भतीजों के माध्यम से परिवार को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद मंगलवार शाम को उनके पति एमजीएम अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान चंदा देवी के रूप में की. बुधवार को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया. घटना के बाद परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं.












