जमशेदपुर : जेपीएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं धांधली के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा की झारखंड प्रदेश इकाई के निर्देश पर बुधवार, 22 जुलाई को रांची में जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया जाएगा. इस आंदोलन में जमशेदपुर से प्रदेश भाजयुमो के प्रदेश प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल के नेतृत्व में हजारों युवा रांची कूच करेंगे. युवाओं द्वारा पेपर लीक, परीक्षा में धांधली एवं युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर से रांची के लिए युवाओं का जत्था बुधवार को सुबह 7:00 बजे बाग-ए-जमशेद मैदान, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के समीप, साकची से रवाना होगा. रांची में मुख्य कार्यक्रम के तहत युवा सुबह 10:00 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्रित होंगे, जिसके बाद झारखंड लोक सेवा आयोग कार्यालय का घेराव किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
अवसर पर भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने कहा कि, “JPSC में लगातार सामने आ रही पेपर लीक और धांधली की घटनाओं ने झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. सरकार की नाकामी और भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ अब युवा सड़क पर उतरकर जवाब मांगेंगे. यह आंदोलन झारखंड के युवाओं के अधिकार और उनके उज्ज्वल भविष्य की लड़ाई है.” उन्होंने राज्य के सभी युवा साथियों से अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने तथा भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की.




