जमशेदपुर : जमशेदपुर में रक्तदान के क्षेत्र में मिसाल पेश करते हुए जुगसलाई के रहने वाले और वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी संस्था के सक्रिय सदस्य सुखविंदर सिंह सग्गू ने मात्र 29 वर्ष की उम्र में गुरुवार को अपना 75 रक्तदान बिष्टुपुर ब्लड बैंक में किया. इस उपलब्धि में उनके द्वारा 25वां बार रक्तदान एवं 50वां बार प्लेटलेट्स दान शामिल हैं, जो उन्हें एक असाधारण रक्तदाता बनाता है. इस विशेष अवसर पर बिष्टुपुर ब्लड बैंक के हेड संजय चौधरी एवं डॉ एलबी सिंह ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों ने सुखविंदर सिंह सग्गू के इस निःस्वार्थ सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनके प्रयासों से अनेक ज़िंदगियां बचाई जा सकती हैं. सम्मान प्राप्त करते हुए सुखविंदर सिंह सग्गू ने कहा कि रक्तदान करना उनका सामाजिक कर्तव्य है और वे आगे भी निरंतर रक्तदान करते रहेंगे. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर रक्तदान करें और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें.











