
जमशेदपुर : टाटा स्टील के भीतर स्थित जेसीएपीसीपीएल कंपनी का बोनस समझौता पर गुरुवार को हस्ताक्षर हो गया. इसके साथ ही कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा के तहत दो ऐतिहासिक समझौता भी हुआ. गौरतलब है कि यह जापानी कंपनी निप्पन स्टील और टाटा स्टील की संयुक्त उपक्रम वाली कंपनी है और इसमें करीब 150 कर्मचारी कार्यरत है. बोनस समझौते के तहत हर कर्मचारियों को बोनस के मद में 16500 रुपये की राशि उसके बैंक खाते में 16 अक्टूबर तक चली जाएगी. पिछले साल कंपनी को करीब 8 करोड़ का घाटा हुआ था तथा बोनस फार्मूला के मुताबिक बोनस 13000 रुपये बन रहा था. यूनियन के प्रयास से यह राशि बढ़ोतरी संभव हो पाया. हस्ताक्षर करने वालों में कंपनी के एमडी सीबी शास्त्री, यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष शाहनवाज आलम, महामंत्री जितेंद्र जी तथा एचआर के जीएम अमित चटर्जी उपस्थित थे. साथ ही साथ कंपनी के कर्मचारियों के सोशल सिक्योरिटी (सामाजिक सुरक्षा) के लिए दो नए समझौते किए गए. पहला समझौता जिसे फैमिली आश्रय स्कीम कहा गया है, जिसमें कर्मचारियों की मृत्यु होने पर उसके परिजन को हर कर्मचारियों के 1 दिन का सैलरी कटौती कर दे दिया जाएगा तथा दूसरी स्कीम सहयोग नाम से शुरू की गई है जिसमें कर्मचारियों की मृत्यु होने पर उसके परिजन को उसके रिटायरमेंट के 60 साल तक उसका बेसिक और डीए मिलता रहेगा. अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने इस तरह के सोशल सिक्योरिटी स्कीम के लिए प्रबंधन को धन्यवाद दिया.






