
जमशेदपुर : टाटा स्टील और जापान की कंपनी निप्पन स्टील की संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के कर्मचारियों का बोनस समझौता सोमवार को संपन्न हुआ, जिसके तहत तय हुआ कि कर्मचारियों को इस साल 58790 रुपये बोनस दिया जायेगा. कंपनी ने इस साल रिकॉर्ड 206 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज कराया है. इसके तहत कर्मचारियों के बीच 84 लाख रुपये का वितरण किया जायेगा. कुल 144 कर्मचारियों के बीच यह बोनस की राशि दी जायेगी. इस समझौता पर कंपनी के एमडी उज्जवल चक्रवर्ती, यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, वर्किंग प्रेसिडेंट शहनवाज आलम, महासचिव जीतेंद्र कुमार ने हस्ताक्षर किया. इस मौके पर जीएम एचआरएम अभिक कुमार, मातसुंगा, कोषाध्यक्ष रवि, उपाध्यक्ष अमितत शर्मा, कृष्ण मोहन, सहायक सचिव संजीत श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद थे. यह एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है. इसके तहत पिछले साल 16500 रुपये की राशि कर्मचारियों को मिली थी. लेकिन इस बार काफी ज्यादा मुनाफा कंपनी को हुआ तो एकमुश्त यह राशि सबको दी गयी. पिछले साल 150 कर्मचारियों को इसका लाभ मिला था. बोनस काफी बेहतर हुआ है, जिसके बाद यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और शहनवाज आलम की जोड़ी ने एक बार फिर से अपनी मजबूती दर्शायी है. यह रिकॉर्ड बोनस माना जा रहा है. आपको बता दें कि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष के तौर पर आर रवि प्रसाद के ही बोनस समझौता के फार्मूला के आधार पर टाटा स्टील में भी इस साल बोनस हुआ है, जिससे काफी ज्यादा लाभ कर्मचारियों को हुआ है. अब एक बार फिर से जेसीएपीसीपीएल में भी बोनस हुआ है, जिसके बाद लीडरशिप क्वालिटी को लेकर चर्चा होना आम बात है. 2016 से यहां रवि और आलम की जोड़ी की यूनियन संचालित हो रही है.







