जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद तौसीफ (उम्र लगभग 21 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर कपाली क्षेत्र से पकड़ा. बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और युवक को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. इस संबंध में चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि क्षेत्र में नशा, अड्डाबाजी और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में यह सफलता मिली है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. कपाली ओपी प्रभारी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. इस छापेमारी में सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एएसआई मनोज कुमार मिश्रा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.



