जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन से जुड़े कार्य के दौरान हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. इस मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42) को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड बड़ा बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार 2 जून को इस्लामनगर में जमीन का काम करा रहे अफसर नवाज पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी. घटना के बाद अफसर नवाज के फर्दबयान के आधार पर चांडिल (कपाली ओपी) थाना में कांड संख्या 80/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को 4 जून को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है. पुलिस के अनुसार, अशफाक अहमद उर्फ बल्लू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2022 में कपाली ओपी में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज हो चुका है. फिल्हाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.






