जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को चोरी की दो घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है. रहमतनगर वार्ड संख्या-15 स्थित एक बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात की चोरी कर ली. वहीं, पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है. पीड़ित मोहम्मद अफजल ने बताया कि उनका नया मकान पास में ही बन रहा है. इसी कारण घर का सामान पास के एक किराये के मकान में रखा गया था. गुरुवार रात पूरा परिवार निर्माणाधीन मकान में सोया था. शुक्रवार सुबह जब वे किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. (नीचे भी पढ़ें)
घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी खुली थी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे. अफजल के अनुसार, चोर सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल समेत करीब 40 से 45 हजार रुपये मूल्य के जेवरात और 32 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. इसी रात पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की बात सामने आई है, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश है. घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.







