जमशेदपुर : जीएसटी विभाग ने आगामी 1 अक्टूबर से जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया है. इससे सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की जीएसटी से संबंधित पंजीकरण एवं अन्य संबंधित मामलों के लिए जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने की लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार कर लिया गया है. अब तक जमशेदपुर कमिश्नरेट से संबंधित जीएसटी पंजीकरण एवं अन्य प्रक्रियाओं का केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र पटना एवं बाद में रांची में होने के कारण करदाताओं, व्यापारियों एवं जीएसटी पेशेवरों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था. जमशेदपुर में यह सुविधा उपलब्ध होने से अब पंजीकरण तथा अन्य संबंधित मामलों के निपटारे के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी. (नीचे भी पढ़ें)
यह मांग लंबे समय से सिंहभूम चैंबर द्वारा संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाई जा रही थी. चैंबर ने इस विषय को व्यापारिक समुदाय की सुविधा एवं जीएसटी सेवाओं के विकेंद्रीकरण से जोड़ते हुए कई अवसरों पर विभाग के समक्ष रखा था. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजीव अग्रवाल तथा सचिव अंशुल रिंगसिया ने कहा कि जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र की शुरुआत क्षेत्र के करदाताओं, व्यापारियों और जीएसटी पेशेवरों के लिए बड़ी राहत है. इससे जीएसटी से संबंधित सेवाएं अधिक सुलभ, त्वरित, प्रभावी और सुविधाजनक हो जाएंगी. सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह व्यापारी समुदाय के हित में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल है. उन्होंने कहा कि चैंबर की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार किया जाना यह दर्शाता है कि विभाग व्यापारियों, करदाताओं एवं जीएसटी पेशेवरों की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझते हुए उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष मानव केडिया ने बिहार एवं झारखंड जोन के मुख्य आयुक्त एवं सीजीएसटी आयुक्त आनंद कुमार, एवं सीएक्स, जमशेदपुर के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सहयोग से जमशेदपुर में यह सुविधाना संभव हुआ है. महासचिव पुनीत कांवटिया ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र के जमशेदपुर में शुरू होने से पूरे जमशेदपुर कमिश्नरेट के करदाताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध होगी और जीएसटी से संबंधित प्रक्रियाओं में समय एवं संसाधनों की बचत होगी. (नीचे भी पढ़ें)
सिंहभूम चैंबर ने आशा जताई है कि आगामी 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाला यह केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र जमशेदपुर एवं पूरे जमशेदपुर कमिश्नरेट के व्यापारी समुदाय के लिए त्वरित प्रक्रिया, बेहतर पहुंच और कम असुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है और इसके लिए जीएसटी विभाग एवं सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करता है.















