जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधमंडल अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से रक्षा मंत्रालाय स्थित उनके कार्यालय में जाकर मिला. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कोल्हान के औद्योगिक विकास को लेकर उनसे जमशेदपुर या इसके आसपास रक्षा क्षेत्र से जुड़े उपक्रम स्थापित कराने का आग्रह किया. जिससे यहां के उद्योगों को विकास के नये अवसर उपलब्ध हो सकें. रक्षा राज्य मंत्री श्री सेठ ने कहा कि केन्द्र सरकार आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र से जुड़े सभी उत्पादों का निर्माण देश में ही करने की योजना पर काम कर रही है. अगर इस इस योजना के अंतर्गत रक्षा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों का निर्माण जमशेदपुर में होता है तो यह उनके लिए प्रशंसा का विषय होगा. रक्षा राज्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि वायुसेना के द्वारा आगामी 19-20 अप्रैल को रांची में एयर-शो का आयोजन किया जाएगा, साथ ही, इसी वर्ष सितंबर या अक्टूबर महीने में झारखण्ड में डिफेंस एक्सपो का भी आयोजन किया जाएगा जो झारखण्ड में पहली बार आयोजित होगा. एक्सपो के आयोजन का मुख्य उद्देश्य यहां के उद्यमियों को इस क्षेत्र से संबंधित नये अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना भी है. (नीचे भी पढ़ें)
बाद में प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा उत्पाद सचिव संजीव कुमार से उनके कार्यालय में मिला जिनके साथ उच्च स्तरीय बैठक भी आयोजित हुई. बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने श्री कुमार से कोल्हान के उद्यमों को इस क्षेत्र से जुड़े नये-नये उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें इनके निर्माण से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी रखी. इस पर सचिव संजीव कुमार ने कहा कि रक्षा मंत्रालय का प्रोडक्शन विभाग इसके लिए समय-समय पर चैम्बर के साथ वेबिनार/मीटिंग का आयोजन करेगा, जिसमें उद्यमियों को जानकारी दी जायेगी कि वे इस क्षेत्र में आगे और क्या कर सकते हैं और उनके लिए कौन से रास्ते खुले हैं. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रक्षा क्षेत्र से जुड़े लगभग 38 हजार उत्पादों की सूची रखी. चैम्बर ने उत्पादों की सूची में कोल्हान के उद्यमियों के लिए नयी संभावना की तलाश की. अध्यक्ष मूनका ने श्री कुमार से कहा कि अगर रक्षा मंत्रालय इस ओर कदम बढ़ाता है तो चैम्बर इसमें प्रमुखता से अपनी सहभागिता निभाएगा और इसके लिए एक स्वच्छ औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराएगा. प्रतिनिधिमंडल में मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, बिनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया आदि भी शामिल रहै.














