जमशेदपुर: जमशेदपुर चेस अकादमी (जेसीए) की ओर से रविवार 1 नवंबर 2026 को 7वीं जेसीए झारखंड ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता टाटा चेस सेंटर जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी. इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 230 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया है. प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं को अपनी शतरंज प्रतिभा, रणनीतिक सोच और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 50 हजार रुपये की कुल नकद पुरस्कार राशि और विभिन्न आयु वर्गों में दी जाने वाली 51 ट्रॉफियां होंगी. इसके अलावा छह वर्ष से कम उम्र के सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्मृति चिह्न तथा प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को ई-प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे. आयोजन का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के डीएफओ सबा आलम अंसारी करेंगे. वहीं, सिटी एसपी ललित मीणा बच्चों को पुरस्कार प्रदान करेंगे. इस अवसर पर जिला शतरंज संघ (इएसडीसीए) के अध्यक्ष मुकुल विनायक चौधरी, उपाध्यक्ष एनके तिवारी एवं ए कुमार, महासचिव जयंत कुमार भुइयां, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह और एमवे इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायमंड अनुज कुमार सिंह को भी आमंत्रित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिता में जयंत कुमार भुइयां मुख्य निर्णायक (चीफ ऑर्बिटर) होंगे, जबकि चंदन कुमार प्रसाद और विशाल मिंज उप-मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाएंगे. जेसीए के सचिव प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है. इसके माध्यम से खिलाड़ियों में तार्किक चिंतन, एकाग्रता, अनुशासन और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. अकादमी झारखंड में शतरंज की संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है.












