जमशेदपुर : युवाओं और बच्चों को नशे की लत से दूर रखने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कदमा स्थित डीबीएमएस करियर एकेडमी में मिशन निर्माण के तहत यह कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें लक्ष्मी सुरभि संस्थान के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, साकची महिला थाना की प्रभारी रूपा पॉल सहित महिला थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है. नशे के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो सकता है और वे अपराध जैसी गतिविधियों की ओर भी आकर्षित हो सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने, गलत संगति से बचने और अपने आसपास के लोगों को भी नशा नहीं करने के लिए जागरूक करने की अपील की. साथ ही बच्चों को जीवन में शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया. पुलिस का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को जागरूक कर नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना है.












