
जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कोल्हान प्रवक्ता एवं सदस्यता अभियान बोकारो जिला के प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, सदस्यता अभियान राज्य के चेयरमैन आलोक दुबे, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने रविवार को राज्य के सभी जिला अध्यक्षों एवं जिला सदस्यता अभियान के प्रभारियों के साथ एक वर्चुअल मीटिंग की. लगभग 2 घंटे मीटिंग चली. इसमें राज्य के सभी जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों ने भाग लिया. प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने सभी जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों को यह निर्देश दिया एवं अपील की कि अपने अपने जिले में ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाएं. करोना के कारण सदस्यता अभियान की गति धीमी हो गई थी उस को गतिशील बनाने के लिए सभी जिला में प्रभारियों की नियुक्ति की गयी है. उन्होंने प्रभारियों को अपने प्रभार जिला में एक सप्ताह के अंदर दौरा प्रारंभ करने का निर्देश दिया. सदस्यता अभियान राज्य के चेयरमैन आलोक दुबे ने वर्चुअल मीटिंग में बताया कि पिछली बार राज्य से साढ़ी पांच लाख सदस्य बने थे. इस बार यह सदस्यता अभियान 2018 से 2022 के लिए किया जा रहा है. इसमें प्रदेश अध्यक्ष ने 15 लाख नए सदस्य बनाने का टारगेट निर्धारित किया है, जिसको पूरा कराने में हमारे जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है.












