
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना का केस लगातार बढ़ रहा है. यही वजह है कि जमशेदपुर में फिर से कोरोना के बढ़ने को लेकर कई सारे जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं. टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के डिस्पेंसरियों को भी बंद कर दिया गया है. खास तौर पर बिष्टुपुर स्थित साउथ पार्क डिस्पेंसरी समेत कई डिस्पेंसरी और टीएमएच क्लिनिक को बंद कर दिया गया है. बताया जाता है कि टीएमएच के पास मैनपावर की कमी हो रही है, जिस कारण यह एहतियात पर कदम उठाए गए हैं. टीएमएच में कोरोना के नए बेड को विकसित किए जा रहे हैं जबकि कई स्वास्थ्य कर्मी और चिकित्सक भी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं, जिसकारण टीएमएच के पास मैनपावर की काफी कमी हो चुकी है जिसको देखते हुए कई सारे सुविधाओं को बंद किया जा रहा है. इसकी पुष्टि शनिवार को ही टीएमएच के पूर्व जीएम डॉ राजन चौधरी ने की थी कि जैसे-जैसे कोरोना का संक्रमण बढ़ेगा मैनपावर की जरूरत होगी वैसे वैसे कुछ सामान्य चीजों को बंद कर दिया जाएगा. कोरोना वायरस का इलाज का इंतजाम स्पेशल तौर पर किया जाएगा. दूसरी ओर टाटा वर्कर्स यूनियन को सोमवार और मंगलवार को बंद कर दिया गया है और टाटा वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों को उस दिन छुट्टी दे दी गई है. सिर्फ सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी पर बुलाया गया है, जो बिना सैनिटाइजर और बिना मास्क के लोगों को यूनियन जाने से रोकेंगे और थर्मल स्कैनर से आगंतुकों की भी जांच करेंगे. बताया जाता है कि टाटा वर्कर्स यूनियन के एक पदाधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जिस कारण पूरे यूनियन परिसर को सैनिटाइज करने की प्रक्रिया चल रही है और इसके लिए ही 2 दिनों के लिए यूनियन को बंद किया गया है. टाटा वर्कर्स यूनियन में सोमवार और मंगलवार यानी 5 अप्रैल और 6 अप्रैल को यूनियन का कोई भी कामकाज यूनियन कार्यालय में नहीं होगा. यह आदेश टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह ने निर्गत कर दी है.












