
जमशेदपुर : जमशेदपुर और आसपास के इलाके में कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन हरकत में आ चुकी है. इसके लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसमें कई सामाजिक संस्थाएं, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग समेत तमाम लोग इसमें जुड़े हुए है और आगे बढ़कर काम कर रहे है.
जमशेदपुर के बॉर्डर एरिया में बनाये जाने वाले चेकनाका में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, मेडिकल कर्मियों एवं सहायक का प्रशिक्षण कार्यक्रम
पूर्वी सिंहभूम जिले के बॉर्डर एरिया में कुल 12 जगहों पर कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच के साथ लोगों को जागरूक करने के लिए प्रतिनियुक्त पारा मेडिकल कर्मी, दंडाधिकारी सहित सहायक को गुरुवार को समाहरणालय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने दंडाधिकारी एवं पारा मेडिकलकर्मियों को बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश करने वाले सभी लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उनसे सम्बन्धित जानकारी एकत्रित करना है. इस क्रम में लोगो से जोर जबरदस्ती नहीं करना है. यदि किसी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाते हैं और उनका संक्रमित देश अथवा राज्य में पिछले 15 दिनों में आना जाना हुआ है तो उनका सैंपल लेना जरूरी है और इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देना सुनिश्चित करेंगे. इसके साथ ही किसी व्यक्ति में कोरोना वायरस के संक्रमण होने का संदेह होने पर उन्हें चिन्हित करने का भी निर्देश उपायुक्त ने दिए. उपायुक्त ने कहा कि लोगों को जागरूक करें कि कोरोना वायरस कैसे फैलता है और उससे कैसे बचा जा सकता है. उल्लेखनीय है कि 20 मार्च से जिले के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में 12 विभिन्न स्थानों पर बनाए जाने वाले चेक नाका 24 घंटे कार्यरत रहेगा। चेकनाका में एक दंडाधिकारी, पारा मेडिकल स्टाफ के साथ उसके सहयोगी पुलिस जवान भी तैनात रहेंगे. प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी श्री नन्द किशोर लाल भी उपस्थित थे.

जिला परिवहन पदाधिकारी की अध्यक्षता में वाहन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
कोरोनावयरस के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन की अध्यक्षता में बस एसोसिएशन, मिनी बस एसोसिएशन तथा ऑटो संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी. जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि सवारी को बैठाने से पहले वाहन की साफ-सफाई सुनिश्चित करें तथा गंत्वय स्थान तक पहुंचने के पश्चात पुन: फिर सवारी बैठाने से पहले वाहन की साफ-सफाई करें. उन्होने सवारियों को एक मीटर की दूरी पर बैठाने हेतु निदेशित किया जैसे डबल सीटर बस में एक सीट पर ही यात्री बैठायें तथा ऑटो के पीछे वाले सीट में सवारियों के बीच 1 मीटर की दूरी जरूर रखें. जिला परिवहन पदाधिकारी ने इंटर स्टेट बसों के संचालकों को एक पंजी संधारण करने का निर्देश दिया जिसमें सवारियों का नाम, पता,फोन नंबर दर्ज हो तथा उनका ट्रेवल हिस्ट्री भी लिखा हो. जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सावधानी ही बचाव है, अत: सभी लोग सावधानी जरूरी बरतें, सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें। उपायुक्त रविशंकर शुक्ला द्वारा भी वाहन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को कोरोनावायरस के संक्रमण के बचाव एवं जागरूकता के संबंध में बताया गया. कोरोना वायरस के संक्रमण से सावधानियां हेतु क्या करें, क्या ना करें के बारे में भी बताया गया.

कोरोना वायरस को लेकर जिला परिषद सदस्य राजकुमार सिंह ने राहरगोड़ा से एंटी लार्वा का शुरू कराया छिड़काव
जमशेदपुर : कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए जिला पार्षद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने जिला परिषद क्षेत्र में एंटी लार्वा के छिड़काव का काम गुरुवार से शुरू कराया है. लोगों को सावधानी बरतने की भी सलाह दे रहे हैं. साथ में जागरूकता भी फैला रहे हैं. घर-घर जाकर नालियों में स्प्रे करवाने का भी काम करवा रहे हैं. राजकुमार सिंह अपने जिला पार्षद क्षेत्र के आठों पंचायत में यह काम कराएंगे. इसकी शुरुआत गुरुवार राहरगोड़ा इलाके से की गई. राहरगोड़ा के सभी नालियों में गुरुवार को स्प्रे करवाया गया. इस मौके पर लोगों ने उनके इस कार्य की सराहना भी की. इस दौरान राजकुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे साबुन से बराबर हाथ धोएं. कोरोना वायरस से बचाव के लिए हाथों को साफ रखना जरूरी है. लोग अगर बाहर जाते हैं तो हाथ नहीं मिलाए. अभिवादन करें. बच्चे अगर खेलकर आते हैं तो उनके भी हाथ धुलाना चाहिए. इस कार्य में महेंद्र यादव, नरेंद्र सिंह, शर्मा, परशुराम मंडल, सच्चिदानंद शर्मा आदि सक्रिय योगदान दे रहे हैं.

कोरोना से बचाव के लिए भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले की संस्था नमन ने चलाया जन जागरूकता अभियान
जमशेदपुर में कई स्थानों पर सामाजिक संस्था नमन ने अपना सामाजिक दायित्व का पालन करते हुए महामारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए संस्था के सदस्यों ने कई टीमों में अलग-अलग स्थानों में जागरूकता अभियान चलाया. साकची मार्केट, बागबेड़ा, छायानगर में हजारों लोगों के बीच पहुंच कर लोगों से इस सम्बंध में विस्तार से बताया, बचाव हेतु तैयार किया गया पर्चा बाँटा , एवं बहुत ही संयमित जन जागरूकता अभियान चलाया. भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले की संस्था नमन की ओर से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है. श्री काले ने कहा कि अपने आसपास व खुद को स्वच्छ रखें और सजग रहें खुद जागरूक बने व लोगों को जागरूक करें जागरुकता एवं सावधानी सबसे बढ़िया इलाज. इस जागरूकता अभियान में संस्था के जूगुन पांडेय, बिभाष मजुमदार, घनश्याम भिरभरिया, सुमन कुमार, कौशिक प्रसाद, धीरज चौधरी, नंदकिशोर मुंडा, सचिन शर्मा, विक्की तारवे, मोहन दास, सूरज चौबे, पिन्टु भिरभरिया, राजू सिन्हा, मनोज हलदर, अनूज मिश्रा, राजु कुमार, राज पासवान, कंचन बाग, रामा राव, विवेक, विशाल सिंह, मनीष, अनमोल एवं अन्य सदस्यों का मुख्य रूप से योगदान रहा.
कैट नेे किया प्रधानमंत्री का समर्थन, सुरेश सोंथालिया ने जारी किया बयान
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू का समर्थन किया है. कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया ने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए वे लोग अपना कारोबार को बंद रखेंगे और जनता कर्फ्यू का समर्थन करेंगे.







