जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में शादी की नीयत से एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. युवती के परिजनों ने स्थानीय निवासी शत्रुघ्न कुमार को इस मामले में मुख्य आरोपी बताया है. परिजनों का आरोप है कि आरोपी का उनके घर में अक्सर आना-जाना था और इसी का फायदा उठाकर उसने युवती को प्रेम जाल में फंसाया तीन जुलाई को उसे भगा ले गया. घटना के दूसरे दिन चार जुलाई को परिजनों ने उलीडीह थाना में शत्रुघ्न कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. थानेदार ने बताया कि युवती के गायब होने की सूचना मिलते ही आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना के तह तक जाने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि युवती अचानक घर से गायब हो गयी थी. पहले उन्होंने खुद उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तब जाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का यह भी कहना है कि युवती और शत्रुघ्न के बीच पहले से बातचीत होती थी और आरोपी ने विश्वास में लेकर उसे भगाया है. घटना के पीछे शादी की मंशा बताई जा रही है. उधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती को बहलाकर अपने साथ ले जाने की योजना पहले से बना रखी थी. आरोपी का मोबाइल फिलहाल स्विच ऑफ है, लेकिन टेक्निकल सेल की मदद से आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा रहा है.











