पोटका; रांची के अरगोड़ा अंचल में कार्यरत राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में बुधवार को पोटका अंचल कार्यालय के कर्मियों ने प्रदर्शन किया. झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ के निर्देश पर कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया. उन्होंने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या से राज्यभर के सरकारी कर्मचारियों और राजस्वकर्मियों में गहरा आक्रोश है. उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि गुरुवार को राज्यभर के राजस्वकर्मी कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे. इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर संघ के निर्देशानुसार अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी. इससे राज्यभर में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की आशंका है. प्रदर्शन में संघ के हेमंत कुमार, शांतिराम षाड़ंगी, लिटा मार्डी, पिऊ दे, संजय महतो, वीर विजय सिंह, शंभुनाथ देवरी, देबराज कैबर्त, ईश्वर लोम्बा और नियाज अंसारी सहित अन्य कर्मी शामिल थे.












