
जमशेदपुर : जमशेदपुर में शुक्रवार को अलग अलग घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत हो गई. पहली घटना मानगो थाना क्षेत्र की है जहां एनएच 33 स्थित बिग बाजार के पास सड़क पार कर रहे गोलमुरी निवासी देवेश कुमार को एक ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. दूसरी घटना सीतारामडेरा के कल्याणनगर की है जहां निर्माणाधीन भवन की छत पर पानी पटाने गए 33 वर्षीय सुनील कुमार मिश्रा करंट की चपेट में आ गए. परिजन उसे तत्काल टीएमएच ले गए जहां डॉक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया. तीसरी घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की है. सिदगोड़ा स्थित विद्यापतिनगर में काम करने के दौरान दो मजदूर हाइटेंटेशन तार की चपेट में आ गए जिसमे एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा मजदूर बुरी तरह झुलस गया. चौथी घटना में जुगसलाई के महतो पाड़ा रोड की है जहां एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. पांचवी घटना बागबेड़ा की है जहां हरहरगुट निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने प्रेम प्रसंग में आकर फांसी लगा ली. जब तक परिजनों को इसकी जानकारी हुई तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी. छठी घटना साकची के रेड क्रॉस भवन के पास रात 9.30 बजे घटी. रेड क्रॉस भवन के पास सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को एक तेज़ रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति काफी दूर जा गिरा. रात का फायदा उठाकर कार चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया. इधर स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. मृतक की पहचान नही हो पाई है.















