
जमशेदपुर : शहर में इन दिनों अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. बेलगाम अपराधी जहां-तहां अंधाधुंध फायरिंग समेत अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं, उसके बाद पुलिस पीछे-पीछे पानी पीट रही है. पिछले दो दिनों के दौरान कई घटनाएं प्रकाश में आ चुकी हैं, जो शहर में विधि-व्यवस्था पर सवाल खड़े करनेवाली है. रविवार की देर शाम जुगसलाई थानांतर्गत गौशाला चौक पर मनीष सिंह नामक युवक ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें बंटी सिंह नामक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल युवक स्थानीय छपरहिया मुहल्ला निवासी बताया जाता है. उसके पेट में गोली लगी है. गंभीर अवस्था में स्थानीय लोग उसे टीएमएच ले गये और भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनीष की बंटी सिंह से कोई दुश्मनी नहीं है. न ही पहले कोई विवाद हुआ था. वह गौशाला टाकिज (अब बंद हो चुका है) के पास आया और अंधाधुंध फायरिंग करने लगा. उसके बाद टॉकिज परिसर में भी घुस कर उसने फायरिंग की.

लोगों ने बताया कि घायल बंटी सिंह ब्रह्मानंद में काम करते हैं. लॉकडाउन के कारण इन दिनों बैठे हुए हैं. दूसरी ओर फायरिंग के बाद मनीष फरार बताया जाता है. घटना से बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर जुगसलाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच कर रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है.

यह तो थी एक घटना, इससे पूर्व रविवार को ही गोलमुरी में पिछले शनिवार के बाद रविवार को भी पुन: फायरिंग की घटना हुई. जानकारी के अनुसार गोलमुरी स्थित हिंदू बस्ती में कुछ युवकों ने फायरिंग की. हालांकि वहां किसी को गोली नहीं लगी. गोली पाइप लाइन में लगी. गोलियों की आवाज सुन कर लोग बाहर निकले तब तक युवक वहां से भाग निकले. स्थानीय लोगों के अनुसार फायरिंग करने वाले युवक छह की संख्या में थे, जो दो बाइक पर सवार थे.
लोगों ने बताया कि यहां हमेशा कुछ युवक अड्डेबाजी करते हैं. इससे स्थानीय लोग परेशान हैं. 24 घंटे अंदर क्षेत्र में गोली चालन की दूसरी घटना से गोलमुरी के लोगों में दहशत का माहौल है. घटना के बाद से अभी तक गोली चलाने वालों की पहचान नहीं हो सकी है. स्थानीय पुलिस मामले की जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है.















