
जमशेदपुर : टाटा टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट आरआर झा के साथ केंद्रीय मंत्री के नाम पर ठगी करने का एक मामला सामने आया है. इस मामले को लेकर जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना में एक मुकदमा टाटा स्टील के सिक्योरिटी विभाग के सीनियर मैनेजर महेश प्रसाद के बयान पर दर्ज किया गया है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है. इस मामले में दायर मुकदमा में नितिन कुमार गुप्ता नामक व्यक्ति और उसकी पत्नी शिखा गुप्ता को आरोपी बनाया गया है. दर्ज मुकदमा के मुताबिक टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट आरआर झा से नितिन गुप्ता और उसकी पत्नी शिखा गुप्ता ने मुलाकात की और अपने आप को केंद्रीय कानून व न्याय मंत्री का पर्सनल असिस्टेंट बताया और कहा कि केंद्रीय न्याय एवं कानून मंत्री ने 13 लोगों की सूची भेजी है. इन 13 लोगों की सूची के साथ उनका बायोडाटा भी है, जिनको टाटा स्टील में नौकरी दी जानी चाहिए. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट को इस पर शक हुआ. इसके बाद नई दिल्ली में टाटा स्टील के अधिकारियों ने अपने स्तर से जांच की तो पाया कि ऐसा कोई पर्सनल असिस्टेंट है ही नहीं और ना ही केंद्रीय मंत्री ने कोई सिफारिश कंपनी से की है. इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई और एफआइआर दर्ज किया गया है. अब तक पति पत्नी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है.







