जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो उलीडीह थानांतर्गत हयात नगर के लाल बिल्डिंग रोड नंबर-5 में दुकानदार को जान मारने की नीयत से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में उलीडीह थाना में मामला दर्ज किया गया है. हयातनगर के लाल बिल्डिंग रोड नंबर निवासी मो आलमगीर आलम ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है. उन्होंने बताया है कि पिछले 19 सितबर को दोपहर करीब 1:30 बजे सुहैल, नदीम, फरहद उर्फ नेपाली समेत अज्ञात पांच लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और रंगदारी की मांग की. रंगदारी देने से इन्कार करने पर उन्होंने जान मारने की नीयत से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
हल्दीपोखर में मंदबुद्धि युवती से शारीरिक संबंध बनाने व गर्भपात कराने का मामला दर्ज
जमशेदपुर से सटे कोवाली थानांतर्गत हल्दीपोखर में मंदबुद्धि युवती से शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में हल्दीपोखर निवासी पंचनंदर मंडल ने थाने में एक मामला दर्ज कराया है. पुलिस को बताया गया है कि आरोपी श्याम मोदक के द्वारा मंदबुद्धि युवती को बहला-फुसला कर पिछले दो वर्ष से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया जा रहा था. युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया. पुलिस मामला दर्ज कर इसकी जांच में जुटी है.







