
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एन एच 33 स्थित मारुति सुज़ुकी शोरूम के पास रहने वाले सौम्यदीप दत्ता के खाते से साइबर ठगों ने 42 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली.इस मामले में सौम्यदीप ने मोबाइल नंबर 7869394810 के धारक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. सौम्यदीप के अनुसार वह एल एंड टी कंपनी का कर्मचारी है, वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रिसड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. सौम्यदीप ने पुलिस को बताया कि उसने ऑनलाइन साइट पर नौकरी के लिए आवेदन दिया था. उसे सोमवार दोपहर नौकरी से संबंधित फोन आया. फोन करने वाले ने आधार और बैंक से संबंधित जानकारी मांगी. जानकारी देने के थोड़ी देर बाद उसके खाते से 42 हजार रुपए की अवैध निकासी हो गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बर्मामाइंस में टीबी की बीमारी से परेशान होकर व्यक्ति ने की आत्महत्या
जमशेदपुर के बर्मामाइंस में टीबी की बीमारी से परेशान होकर दास बस्ती निवासी जुगनू दास ने दवाई की बोतल तोड़कर गले में घुसाकर आत्महत्या कर ली. घटना रविवार की है. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. इस मामले में जुगनू के पिता सुरेश दास के बयान पर अस्वाभविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. इस संबंध में थाना प्रभारी राजू ने बताया कि मृतक के पिता के अनुसार जुगनू टीबी का मरीज था, वह काफी साल से परेशान रह रहा था, रविवार को उसने दवाई की बोतल तोड़ी और गले में घुसा ली जिससे उसकी मौत हो गई. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
नाबालिग के साथ छेड़छाड़, बर्मामाइंस थाने में मामला दर्ज
बर्मामाइंस थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती निवासी एक नाबालिक से बस्ती के रहने वाले कल्लू ने छेड़छाड़ की. बच्ची ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी. सूचना मिलने पर परिजनों ने बर्मामाइंस थाना में कल्लू के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने इस मामले में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना रविवार देर रात की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
सर्पदंश से 16 वर्षीय किशोरी घायल, एमजीएम में इलाजरत
घाटशिला माउभंडार स्थित पुतलुडीह में मंगलवार की सुबह 16 वर्षीय किशोरी सीमती किस्कू को सांप ने डंस लिया. घटना के बाद सीमती के साथ मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए घाटशिला सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के संबंध में सीमती के परिजनों ने बताया कि वे लोग डुमरिया के पलासबनी के रहने वाले है, सीमती गांव वालों के साथ झाड़ू बनाने के लिए घास कटने के लिए घाटशिला गई थी. घास कटने के दौरान अचानक से उसे सांप ने काट लिया, फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
जुली घोष के हत्यारे अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
बिस्टुपुर के धतकीडीह में शराब माफिया कल्लू घोष की पत्नी जुली घोष की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली है, जुली घोष का हत्यारा अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. हालांकि पुलिस ने अब तक दो लोगों को हिरासत में लेकर रखा है, पुलिस इनसे थाने में पूछताछ कर रही है. पुलिस को शक है कि हत्यारा जान पहचान का ही है,उसे घर के बारे में पूरी जानकारी है. इसी बात को लेकर पुलिस घर वालों से भी पूछताछ कर रही है.बता दे कि रविवार की रात को शराब माफिया कल्लू घोष की पत्नी जुली घोष की हत्या कर दी गई थी.













