जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर-10 के रहनेवाले कारोबारी मो. रमीउल्लाह खान को फोन कर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. इस मामले में अज्ञात के खिलाफ कारोबारी ने थाना में मामला दर्ज किया है. पुलिस को वह फोन नंबर भी उपलब्ध कराया गया, जिससे कॉल कर रंगदारी की मांग की गई ती. घटना के समय रमीउल्लाह अपने घर पर थे. तभी उनके मोबाइल पर कॉल कर रंगदारी देने की मांग की गई. साथ उन्हें रूपये नहीं देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई. पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर के जरिए उस तक पहुंचने में जुट गई है. ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके. इधर कदमा थाना क्षेत्र के बीएच एरिया रोड नंबर-5 के रहने वाले मो. शाहबाज आलम के घर का ताला तोड़कर जेवर समेत करीब दो लाख के सामानों की चोरी कर ली गई. इसे लेकर घरवालों ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. घटना 23 अक्तूबर की शाम 7 बजे से रात के 10 बजे के बीच की है. उस दौरान घर के लोग किसी काम से बाहर गये हुये थे. लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. घर में घुसने पर सामान बिखरे पड़े मिले. जांच करने पर घरवालों को पता चला कि जेवर व नकदी समेत करीब दो लाख रूपये के सामान गायब हैं. मामला थाना पहुंचते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. घटना के खुलासे के लिए पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाल रही है. दूसरी ओर, परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधटोला निवासी अजय सिंह के घर पर हथियार लेकर एक शराब विक्रेता ने हमला कर दिया गया. इस घटना में घर में मौजूद चार लोग घायल हुये हैं. उसमें एक महिला समेत तीन लोगों को ईलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि एक की हालत बिगड़ने पर उसे ईलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया है. भुक्तभोगी अजय सिंह के मुताबिक घर के लोग सोमवार की रात दिवाली मनाने रहे थे. उसी दौरान रात करीब दस बजे शराब विक्रेता चिंटू उर्फ विशाल सिंह ने अपने सहयोगी टिलू, संतोष सिंह, उसके दो बेटे और अन्य लोगों के साथ मिलकर घर पर हमला कर दिया. घटना की वजह पुरानी रंजीश बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





