
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत दाईगुटू से अपहृत किशोरी को पुलिस ने सीतारामडेरा के भुईंयाडीह से बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में भुईंयाडीह निवासी बजरंग भुईंया को गिरफ्तार कर लिया है. सोमवार को पुलिस ने एमजीएम अस्पताल में दोनों का मेडिकल करवाया, जहां से बजरंग को पुलिस ने न्याययिक हिरासत में भेज दिया और किशोरी को कागजी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. न्यायालय बंद होने के कारण पुलिस ने अभी तक किशोरी का 164 का बयान नहीं दर्ज कराया है. मामले में मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शनिवार को किशोरी गायब हो गई थी. इस संबंध में किशोरी के परिजनों ने रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने जब जांच की तो पाया कि किशोरी भुंईयाडीह में बजरंग के साथ है, जिसके बाद पुलिस ने बजरंग के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.






