
जमशेदपुर : बागबेड़ा पुलिस ने गुरुवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर तीन अपराधियों को पकड़ा. पुलिस ने छानबीन में उनके पास से एक देसी कट्टा, एक लोडेड पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद की है. पकड़ाए अपराधियों में बागबेड़ा लाल बिल्डिंग निवासी पोपो मुंडा, पोस्तो नगर निवासी सुशील पात्रो और रजनीश कुमार गुप्ता उर्फ मोदी शामिल है. इन सभी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. सभी कई बार जेल भी जा चुके हैं. वहीं पोपो मुंडा तड़ीपार रह चुका है. उसके ऊपर हत्या का मामला भी दर्ज है.
इस संबंध में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर आलोक रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार के साथ इलाके में घूम रहे हैं, जिसके बाद एक टीम का गठन कर सभी को वायरलेस मैदान से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने जब तीनों की तलाशी ली तो रजनीश के पास से एक देसी कट्टा, सुशील पात्रो के पास से जिंदा कारतूस और पोपो मुंडा के पास से लोडेड पिस्तौल बरामद किया गया. संभवतः ये सभी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. फिलहाल सभी को जेल भेज दिया गया है. पुलिस सभी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. छापेमारी दल में बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, पीएसआई सोनू कुमार, पीएसआई नवीन कुमार, एएसआई धीरेन्द्र कुमार सिंह, एएसआई विजय कुमार, एएसआई निर्मल कुमार सिंह, हवलदार अनिल रजवार के अलावा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.







